कविता के देश में अपनी नागरिकता का अधिकार मांग रहा है नवगीत : प्रो. अनिल राय
• देश भर से जुटे दिग्गज साहित्यकारों ने किया नवगीत के शिल्प, इतिहास और चुनौतियों पर मंथन • संयोजक प्रो. शिखा तिवारी की पुस्तक ‘हिंदी नवगीत के निकष और विविध आयाम’ का हुआ विमोचन गाजीपुर, संवाददाता। केंद्रीय हिंदी निदेशालय, भारत सरकार और स्नातकोत्तर महाविद्यालय, गाजीपुर के संयुक्त तत्वावधान में ‘हिंदी नवगीत परंपरा और पूर्वांचल के … The post कविता के देश में अपनी नागरिकता का अधिकार मांग रहा है नवगीत : प्रो. अनिल राय appeared first on Just Action.
• देश भर से जुटे दिग्गज साहित्यकारों ने किया नवगीत के शिल्प, इतिहास और चुनौतियों पर मंथन
• संयोजक प्रो. शिखा तिवारी की पुस्तक ‘हिंदी नवगीत के निकष और विविध आयाम’ का हुआ विमोचन
गाजीपुर, संवाददाता।
केंद्रीय हिंदी निदेशालय, भारत सरकार और स्नातकोत्तर महाविद्यालय, गाजीपुर के संयुक्त तत्वावधान में ‘हिंदी नवगीत परंपरा और पूर्वांचल के नवगीतकार’ विषय पर आयोजित दो दिवसीय राष्ट्रीय संगोष्ठी का प्रथम दिन मंगलवार को साहित्यिक वैचारिकी, गहन मंथन और सार्थक विमर्श के साथ संपन्न हुआ। इस ऐतिहासिक आयोजन में देश के विभिन्न हिस्सों से आए प्रख्यात विद्वानों, कवियों और समालोचकों ने नवगीत की विकास यात्रा, उसके सौंदर्यशास्त्र और समकालीन चुनौतियों पर विस्तार से प्रकाश डाला। कार्यक्रम के दौरान संगोष्ठी की संयोजक प्रो. शिखा तिवारी द्वारा लिखित पुस्तक ‘हिंदी नवगीत के निकष और विविध आयाम’ का भव्य लोकार्पण भी किया गया, जो नवगीत को आधुनिक संदर्भों में समझने का एक महत्वपूर्ण दस्तावेज है।
उद्घाटन सत्र: आधुनिक मनुष्य की पीड़ा और संत्रास का सशक्त माध्यम है नवगीत
प्रथम सत्र की अध्यक्षता करते हुए महाविद्यालय के प्राचार्य प्रो. राघवेंद्र कुमार पाण्डेय ने पीजी कॉलेज की गौरवशाली साहित्यिक परंपरा का स्मरण किया। उन्होंने कहा कि इस महाविद्यालय में विवेकी राय, पी.एन. सिंह, शिवमूरत सिंह और जितेंद्र नाथ पाठक जैसे एकनिष्ठ व सिद्ध साहित्यकारों की समृद्ध विरासत रही है। उन्होंने विश्वास दिलाया कि महाविद्यालय ऐसी संगोष्ठियों के माध्यम से समाज को समझने और दिशा देने का प्रयास निरंतर जारी रखेगा।
सत्र के मुख्य अतिथि प्रो. अनिल कुमार सिंह ने नवगीत विमर्श में गाजीपुर के महान नवगीतकार डॉ. उमाशंकर तिवारी के अमूल्य योगदान को रेखांकित किया। उन्होंने कहा कि डॉ. तिवारी ने न केवल उत्कृष्ट नवगीत रचे, बल्कि इस विधा पर मानक आलोचनात्मक लेख लिखकर इसे वैचारिक मजबूती भी प्रदान की।
प्रतिष्ठित ‘सरस्वती’ पत्रिका के संपादक एवं वरिष्ठ नवगीतकार डॉ. रविनंदन सिंह ने गीत और नवगीत के सूक्ष्म अंतर को स्पष्ट करते हुए कहा कि दोनों में वही अंतर है जो पारंपरिक मनुष्य और आधुनिक मनुष्य में है। उन्होंने कहा कि आधुनिक मनुष्य की पीड़ा, छटपटाहट और संत्रास को अभिव्यक्त करने का सबसे सशक्त माध्यम नवगीत ही है, हालांकि आधुनिक आलोचकों ने अभी तक इसे वह स्वीकृति नहीं दी है जिसका यह हकदार है।
हिंदू पीजी कॉलेज, जमानिया के हिंदी प्रोफेसर अखिलेश शर्मा ने अपने बीज वक्तव्य में नवगीत को गीतों की उस आदिम परंपरा का परिष्कृत स्वरूप बताया, जिसने समय के यथार्थ बोध को स्वर दिया है। विषय प्रवर्तन करते हुए संगोष्ठी की संयोजक प्रो. शिखा तिवारी ने नवगीत के स्थापित 19 प्रतिमानों पर विशद चर्चा की और कहा कि समकालीन काव्य धारा में नवगीत को और अधिक गहराई से समझने की आवश्यकता है। केंद्रीय हिंदी निदेशालय के सहायक निदेशक श्री प्रदीप कुमार ने पूर्वांचल की समृद्ध नवगीत परंपरा पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए निदेशालय की ओर से इस विषय पर लेखों, पुस्तकों और पांडुलिपियों को आमंत्रित किया। प्रथम सत्र का कुशल संचालन प्रो. संजय चतुर्वेदी ने किया, जबकि स्वागत वक्तव्य प्रो. विनय कुमार दूबे ने प्रस्तुत किया।
द्वितीय तकनीकी सत्र: छंदबद्ध कविता की उपेक्षा के विरुद्ध एकजुट हुए साहित्यकार
द्वितीय तकनीकी सत्र की अध्यक्षता कर रहे वरिष्ठ साहित्यकार प्रो. मांधाता राय ने नवगीत के समक्ष मौजूद चुनौतियों को दो स्तरों पर चिह्नित किया। उन्होंने कहा कि नवगीत एक तरफ अपने ही घर में पुराने गीतों की भाषा, शिल्प और संवेदनाओं के स्तर पर संघर्ष कर रहा है, तो दूसरी तरफ अपनी गीतात्मकता को बचाए रखने के लिए बाहरी दुराग्रहों से भी जूझ रहा है। उन्होंने इस महत्वपूर्ण आयोजन के लिए पीजी कॉलेज और केंद्रीय हिंदी निदेशालय को बधाई दी।
सत्र में प्रखर वक्ता के रूप में शामिल गोरखपुर विश्वविद्यालय के सेवानिवृत्त विद्वान समालोचक प्रो. अनिल राय ने बेहद बेबाक अंदाज में अपनी बात रखी। उन्होंने कहा कि सामान्य कार्यकर्ताओं के आचरण के आधार पर किसी दर्शन को प्रश्नांकित करना उचित नहीं है। उन्होंने तीखा स्वर देते हुए कहा, “कविता के देश में आज नवगीत अपनी नागरिकता का अधिकार मांग रहा है।” प्रो. राय ने कहा कि हजारों वर्षों से कविता के केंद्र में रहने वाली छंदबद्ध (छांदसिक) कविता के साथ आज आलोचना की दुनिया में अपमानजनक और पक्षपातपूर्ण व्यवहार हो रहा है। नवगीत जैसी उपेक्षित अस्मिताओं के पक्ष में ऐसी श्रृंखलाबद्ध गोष्ठियों और विमर्शों का आयोजन समय की मांग है।
1443 ईसवी से जुड़ी हैं गाजीपुर में नवगीत की जड़ें
बीज वक्तव्य देते हुए वरिष्ठ नवगीतकार डॉ. गजाधर शर्मा ‘गंगेश’ ने गाजीपुर में नवगीत के ऐतिहासिक पक्ष को सामने रखा। उन्होंने बताया कि गाजीपुर में नवगीत की परंपरा की जड़ें 1443 ईसवी से जुड़ी हैं, भले ही उस कालखंड में यह नाम प्रचलन में नहीं था। यह गौरवशाली यात्रा रामचरित उपाध्याय और श्रीधर मिश्र से होते हुए डॉ. उमाशंकर तिवारी तक अनवरत चली आ रही है।
महिला महाविद्यालय की डॉ. शशिकला जायसवाल ने नवगीत के सामाजिक सरोकारों पर प्रकाश डालते हुए कहा कि तमाम दुश्वारियों और सामाजिक बाधाओं को पार कर उच्च शिक्षा के लिए आगे आने वाली लड़कियों के संघर्ष और समस्याओं को नवगीतों ने पुरजोर स्वर दिया है; यह विधा केवल छंदों की चेतना तक सीमित नहीं है।
सारस्वत वक्ता जयप्रकाश विश्वविद्यालय, छपरा के हिंदी विद्वान प्रो. सिद्धार्थ शंकर राय ने कहा कि नई कविता ने विश्व कविता के शब्दकोश और समकालीन चिंताओं को तेजी से आत्मसात किया, जिसके कारण वह साहित्य के केंद्र में स्थापित हो गई। वहीं, विशिष्ट वक्ता गोरखपुर के चर्चित नवगीतकार देवेंद्र आर्य ने कहा कि गीत मनुष्यता का दुलार है और इसका जन्म मनुष्य के श्रम तथा श्रम की थकान से हुआ है। उन्होंने व्याख्या की कि जैसे-जैसे मनुष्य का शारीरिक श्रम कम होता गया, गीत का स्थान नई कविता ने ले लिया, जिसने लय को तो महत्व दिया लेकिन लयकारी को छोड़ दिया। ऐसे में नवगीत का विकास छंदमुक्त कविता के समानांतर गीत की आत्मा को बचाए रखने का एक सार्थक प्रयास है।
The post कविता के देश में अपनी नागरिकता का अधिकार मांग रहा है नवगीत : प्रो. अनिल राय appeared first on Just Action.
What's Your Reaction?