बाबतपुर एयरपोर्ट पर उतरते ही दिखेगी बनारस की झलक, प्रो. मनीष अरोड़ा की कलात्मक परिकल्पना बनी आकर्षण का केंद्र
वाराणसी। काशी की सांस्कृतिक विरासत, ऐतिहासिक पहचान और कलात्मक परंपरा को देश-दुनिया के यात्रियों तक पहुंचाने की दिशा में एक अनूठी पहल की गई है। लाल बहादुर शास्त्री अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे, बाबतपुर पर सीआईआई बनारस बिनाले 2026 के विशेष कला-इंस्टॉलेशन का गुरुवार को लोकार्पण किया गया। इस कलाकृति के माध्यम से हवाई अड्डे पर पहुंचने … The post बाबतपुर एयरपोर्ट पर उतरते ही दिखेगी बनारस की झलक, प्रो. मनीष अरोड़ा की कलात्मक परिकल्पना बनी आकर्षण का केंद्र appeared first on Just Action.
वाराणसी। काशी की सांस्कृतिक विरासत, ऐतिहासिक पहचान और कलात्मक परंपरा को देश-दुनिया के यात्रियों तक पहुंचाने की दिशा में एक अनूठी पहल की गई है। लाल बहादुर शास्त्री अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे, बाबतपुर पर सीआईआई बनारस बिनाले 2026 के विशेष कला-इंस्टॉलेशन का गुरुवार को लोकार्पण किया गया। इस कलाकृति के माध्यम से हवाई अड्डे पर पहुंचने वाले यात्रियों को बनारस की संस्कृति और परंपरा की पहली झलक देखने को मिलेगी।
इस विशेष इंस्टॉलेशन का लोकार्पण सीआईआई बनारस बिनाले के अध्यक्ष एवं जेके सीमेंट लिमिटेड के संयुक्त प्रबंध निदेशक माधवकृष्ण सिंघानिया तथा हवाई अड्डा निदेशक पुनीत गुप्ता ने किया। कार्यक्रम में बनारस बिनाले की स्वागत समिति के सदस्य अविनव पेशवानी सहित सीआईआई के कई सदस्य मौजूद रहे।
इस कलाकृति की परिकल्पना और डिजाइन काशी हिंदू विश्वविद्यालय के दृश्य कला संकाय के अप्लाइड आर्ट्स विभागाध्यक्ष प्रो. मनीष अरोड़ा ने तैयार की है। उन्होंने बनारस बिनाले के प्रतीक चिह्न में लिखे ‘बनारस’ शब्द को त्रि-आयामी कलात्मक स्वरूप प्रदान किया है। इसकी विशेषता यह है कि अक्षरों के भीतर ही बनारस की सांस्कृतिक और धार्मिक पहचान को खूबसूरती से दर्शाया गया है। इसमें गंगा घाटों की सीढ़ियां, मंदिरों के शिखर, मेहराबदार आले, गंगा में चलती नावें और बनारस के पारंपरिक खिलौनों को शामिल किया गया है। वहीं, भीतर से निकलने वाली रोशनी इस कलाकृति को और आकर्षक बनाती है।
प्रो. मनीष अरोड़ा के अनुसार, किसी भी शहर का हवाई अड्डा यात्रियों के लिए प्रवेश द्वार होता है। इसी सोच के साथ ऐसी कलाकृति तैयार की गई है, जिससे यात्री विमान से उतरते ही बनारस की गलियों, घाटों, मंदिरों और पारंपरिक कला से परिचित हो सकें। यह इंस्टॉलेशन काशी की सांस्कृतिक पहचान को एक ही कलात्मक संरचना में प्रस्तुत करता है।
बाबतपुर हवाई अड्डे पर बीएचयू के दृश्य कला संकाय की कलात्मक प्रस्तुतियां पहले से ही मौजूद हैं। इनमें अंतरराष्ट्रीय उड़ानों के आवागमन मार्ग पर के. सुरेश कुमार (सुरेश नायर) का भव्य भित्ति-चित्र, अगस्टा दोर्जी द्वारा बनाए गए पोर्ट्रेट और जी-20 सम्मेलन के अवसर पर प्रो. मनीष अरोड़ा तथा उनके शोधार्थी राहुल शॉ द्वारा तैयार किया गया लकड़ी का जी-20 लोगो शामिल है। नया इंस्टॉलेशन इस श्रृंखला की चौथी प्रमुख प्रस्तुति है। इसके पास ही देश की प्रसिद्ध मूर्तिकार एवं संकाय की पूर्व शिक्षिका प्रो. लतिका कट्ट की संगमरमर की कलाकृति ‘वेव्स’ भी स्थापित है।
सीआईआई बनारस बिनाले का आयोजन 27 नवंबर से 31 दिसंबर 2026 तक पूरे वाराणसी शहर में किया जाएगा। इसके अंतर्गत 27 नवंबर को दोपहर 12:30 बजे काशी हिंदू विश्वविद्यालय के स्वतंत्रता भवन में ‘बीएचयू छात्र एवं शिक्षक बिनाले’ प्रदर्शनी का उद्घाटन भी प्रस्तावित है।
इस पहल से वाराणसी आने वाले देशी-विदेशी यात्रियों को काशी की समृद्ध कला, संस्कृति और परंपरा से परिचित होने का अवसर मिलेगा। साथ ही बाबतपुर हवाई अड्डा भी शहर की सांस्कृतिक पहचान को प्रदर्शित करने वाला महत्वपूर्ण केंद्र बनेगा।
Poonam Report.
The post बाबतपुर एयरपोर्ट पर उतरते ही दिखेगी बनारस की झलक, प्रो. मनीष अरोड़ा की कलात्मक परिकल्पना बनी आकर्षण का केंद्र appeared first on Just Action.
What's Your Reaction?