SIR रिपोर्ट: उत्तराखंड में 11 लाख से ज्यादा मतदाताओं के नाम घटे, देहरादून में सबसे बड़ी गिरावट

उत्तराखंड में 2022 के विधानसभा चुनाव और 3 अक्टूबर 2026 को प्रकाशित अंतिम मतदाता सूची के बीच 11,07,695 मतदाताओं की कमी दर्ज की गई है। यह कुल मतदाताओं का 13.40 प्रतिशत है। सामाजिक कार्यकर्ता अनूप नौटियाल और प्रवीण उप्रेती ने 17 अक्टूबर को SIR और 2022 से 2027 के विधानसभा चुनावों के बीच उत्तराखंड के … The post SIR रिपोर्ट: उत्तराखंड में 11 लाख से ज्यादा मतदाताओं के नाम घटे, देहरादून में सबसे बड़ी गिरावट appeared first on Khabar Uttarakhand - Uttarakhand News.

Oct 18, 2026 - 00:34
 110  1.7k
SIR रिपोर्ट: उत्तराखंड में 11 लाख से ज्यादा मतदाताओं के नाम घटे, देहरादून में सबसे बड़ी गिरावट

उत्तराखंड में 2022 के विधानसभा चुनाव और 3 अक्टूबर 2026 को प्रकाशित अंतिम मतदाता सूची के बीच 11,07,695 मतदाताओं की कमी दर्ज की गई है। यह कुल मतदाताओं का 13.40 प्रतिशत है। सामाजिक कार्यकर्ता अनूप नौटियाल और प्रवीण उप्रेती ने 17 अक्टूबर को SIR और 2022 से 2027 के विधानसभा चुनावों के बीच उत्तराखंड के बदलते मतदाता परिदृश्य’ शीर्षक वाली रिपोर्ट जारी कर मतदाता सूची में हुए बदलावों, महिला मतदाताओं के आंकड़ों और जिलों के बीच गिरावट के अंतर पर सवाल उठाए।

उत्तराखंड में सबसे ज्यादा गिरावट का दावा

रिपोर्ट के मुताबिक, 2022 के विधानसभा चुनाव के दौरान उत्तराखंड में 82,66,644 मतदाता थे, जबकि 3 अक्टूबर 2026 की अंतिम मतदाता सूची में यह संख्या घटकर करीब 71.59 लाख रह गई। रिपोर्ट में दावा किया गया है कि जिन राज्यों के आंकड़ों का अध्ययन किया गया, उनमें उत्तराखंड में मतदाताओं की संख्या में प्रतिशत के लिहाज से सबसे अधिक गिरावट दर्ज हुई।

रिपोर्ट में उत्तर प्रदेश में 11.4 प्रतिशत, गोवा में 9.18 प्रतिशत, तमिलनाडु में 8.79 प्रतिशत, पश्चिम बंगाल में 6.88 प्रतिशत, मणिपुर में 5.28 प्रतिशत, केरल में 1.12 प्रतिशत और पंजाब में 0.7 प्रतिशत की कमी का उल्लेख है। हालांकि, रिपोर्ट यह भी कहती है कि अलग-अलग राज्यों में संदर्भ तिथियों और मतदाता सूची पुनरीक्षण की प्रक्रियाओं में अंतर होने के कारण इन आंकड़ों की तुलना सावधानी से की जानी चाहिए।

देहरादून जिले और तीन विधानसभा क्षेत्रों में बड़ी कमी

जिलावार आंकड़ों में देहरादून में करीब 3.03 लाख मतदाताओं की कमी दर्ज की गई है, जो 20.22 प्रतिशत बताई गई है। रिपोर्ट के अनुसार, पौड़ी गढ़वाल में 14.89 प्रतिशत, पिथौरागढ़ में 13.61 प्रतिशत और टिहरी गढ़वाल में 13.14 प्रतिशत की गिरावट आई। विधानसभा क्षेत्रों में देहरादून कैंट में 34.19 प्रतिशत, राजपुर रोड में 32.64 प्रतिशत और धर्मपुर में 27.59 प्रतिशत की कमी का दावा किया गया है। रिपोर्ट के मुताबिक, 2022 में राजपुर रोड में 1,19,615 मतदाता थे, जो 2026 की अंतिम सूची में घटकर 80,569 रह गए। इसके विपरीत, बद्रीनाथ में 91,555 और केदारनाथ में 85,924 मतदाता दर्ज किए गए। रिपोर्ट में इन अंतर के कारणों की विस्तृत समीक्षा की मांग की गई है।

महिला मतदाताओं की संख्या में गिरावट पर भी चिंता

रिपोर्ट में लिंग आधारित विश्लेषण के दौरान दावा किया गया है कि उत्तराखंड की 70 विधानसभा सीटों में से 36 में महिला मतदाताओं की संख्या में प्रतिशत के लिहाज से गिरावट पुरुष मतदाताओं से अधिक रही। ऊधम सिंह नगर, हरिद्वार, टिहरी गढ़वाल, उत्तरकाशी और अल्मोड़ा जिलों में भी ऐसी प्रवृत्ति सामने आने की बात कही गई है।

रिपोर्ट के अनुसार, 2022 में द्वाराहाट एकमात्र विधानसभा क्षेत्र था, जहां महिला मतदाताओं की संख्या पुरुष मतदाताओं से अधिक थी। अध्ययन में शामिल 2026 की मतदाता सूची में किसी भी विधानसभा क्षेत्र में महिला मतदाताओं की संख्या पुरुषों से अधिक नहीं रही। रिपोर्ट में इस स्थिति की बूथवार और विधानसभा क्षेत्रवार जांच की मांग की गई है।

‘मतदाता सूची में पारदर्शिता जरूरी’

अनूप नौटियाल ने कहा कि मतदाता सूची में इतने बड़े बदलाव से पारदर्शिता, जवाबदेही और चुनावी प्रक्रिया पर जनता के भरोसे को लेकर सवाल उठते हैं। उन्होंने कहा कि निर्वाचन आयोग की जिम्मेदारी है कि कोई भी पात्र नागरिक मतदाता सूची से बाहर न रह जाए और मतदाताओं को अपने नाम की स्थिति जानने तथा जरूरी सुधार कराने में परेशानी न हो।

रिपोर्ट में निर्वाचन आयोग से 11.07 लाख मतदाताओं की कमी का विधानसभा क्षेत्रवार और मतदान केंद्रवार विवरण जारी करने, नाम हटाने के कारणों जैसे मृत्यु, पलायन, दोहरी प्रविष्टियां और अन्य सुधार का अलग-अलग ब्योरा देने तथा महिला-पुरुष मतदाताओं के आंकड़े सार्वजनिक करने की मांग की गई है।

The post SIR रिपोर्ट: उत्तराखंड में 11 लाख से ज्यादा मतदाताओं के नाम घटे, देहरादून में सबसे बड़ी गिरावट appeared first on Khabar Uttarakhand - Uttarakhand News.

What's Your Reaction?

like

dislike

love

funny

angry

sad

wow